महाराजगंज. यूपी के जनपद महराजगंज से एक बुरी खबर सामने आई है. जहाँ चौक थानांतर्गत आने वाले मधुबनी गांव में ट्रैक्टर ट्राली पलट गई. जिसमे 12 साल के एक मासूम की मौत हो गई जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए हैं. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ उनका इलाज़ जारी है. ट्रैक्टर ट्राली में सवार सभी लोग एक बच्ची का मुंडन कराकर घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर ट्राली पलट गई. हादसे की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर हादसे में जान गवाने वाले मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के अनुसार जिले के चौक थानांतर्गत आने वाले मधुबनी ग्रामसभा में आने वाले बेलवा के रहने वाले विद्या सागर की बेटी का मुंडन संस्कार था. मुंडन संस्कार से वापस घर को लौटते समय एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर धान के खेत में पलट गई. ट्रैक्टर-ट्राली पलटने के बाद लोगों में चीख पुकार मच गई. इस हादसे में 12 साल के मासूम अमन की मौत हो गई. जबकि 14 अन्य ट्रैक्टर-ट्राली सवार लोग जख्मी हो गए हैं.
हादसे में जान गवाने वला मासूम अमन अपने माँ बाप का इकलौता था. दूसरी तरफ महराजगंज जिले के पुलिस अधीक्षक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली हादसे में एक की मौत हुई है जिसके शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में यदि कोई शिकायत मिलती है तो पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।

0 Comments