Pic Google (प्रतिकात्मक इमेज)
गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक 17 साल का लड़का अपनी कनपटी पर पिस्तौल रखकर सेल्फी लेने का प्रयास कर रहा था. सेल्फी लेने के दौरान ही पिस्तौल से अचानक गोली चलने से युवक बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ा. किशोर के परिजनों ने आनन-फानन में तुरंत उससे सदर अस्पताल में एडमिट कराया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
लॉक डाउन में आया था कोटा से घर
गोली चलने की यह घटना मांझागढ़ स्थित इमलिया गांव की है. जहां पर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र ने अपने सिर पर पिस्तौल रखकर सेल्फी खींच रहा था. इसी दौरान अचानक गोली चल जाने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया. मिली जानकारी के मुताबिक हिमांशु नाम का किशोर ओमप्रकाश सिंह का पुत्र है जो कुछ दिनों पहले ही राजस्थान के कोटा से लॉक डाउन के चलते घर आया था. घर आने के पहले हिमांशु कोटा में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था.
पुलिस को मिली सुसाइड की सूचना
मृतक किशोर के पूर्वी मांझागढ़ इमलिया के रंजन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि मृतक हिमांशु घर में रखी लाइसेंसी पिस्तौल से सेल्फी लेे रहा था इसी दौरान चली गोली से उसकी मौत हो गई है. वहीं दूसरी तरफ मझागढ़ के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव ने बताया कि किशोर द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली है. उन्होंने आगे बताया कि मृतक किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की तफ्तीश करने में जुट गई है.

0 Comments