लखनऊ. यूपी में आगामी दिनों में होने वाले 7 सीटों पर होने वाले  विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी पार्टियां प्रचार में दमखम झोंकती दिखाई देने वाली हैं. इसी क्रम में सूबे की सत्ता पर काबिज़ बीजेपी भी अपनी ताकत दिखने की पुरजोर कोशिशों में लगी हुई है. आज यानि कि गुरूवार से यूपी के सीएम  योगीआदित्यनाथ बीजेपी कैंडिडेट के समर्थन में जनसभाओं की शुरुआत करने जा रहें हैं. जनसभाओं के क्रम में 22 को बुलंदशहर,अमरोहा के नौगांव सादात और टूंडला में 3 रैलियों को शिरकत करेंगे। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मंच पर उपस्थित रहेंगे। 


केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा भी कर रहें हैं ताबड़तोड़ रैलियां 

आपको बता दें कि इन सात विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव सरकार बनने या बिगड़ने में कोई भूमिका भले ही न निभाये लेकिन इन सीटों पर उपचुनाव में आया परिणाम पार्टियों को 2022 के चुनाव की रणनीति बनाने में कारगर सिद्ध होगा। इसलिए सीएम योगी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार पूरे दमखम के साथ उपचुनाव में जीत हासिल कर केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा जीतना चाहती है. इसी कारण योगी के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा भी रैलियां कर रहे हैं.

3 को वोटिंग 10 को आएगा परिणाम 

आपको बता दें जिन 7 सीटों पर उपचुनाव होने हैं इनमे से 6 पर भारतीय जनता पार्टी का कब्ज़ा था जबकि जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट सपा नेता पारसनाथ यादव के निधन के बाद खाली हुई थी. इस सीट पर उनके बेटे लकी यादव सपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे हैं. सभी 7 विधानसभा सीटों पर 3 नवम्बर को मतदान होगा जबकि 10 नवम्बर को नतीजे आएंगे।